Saturday, November 21, 2026

पाँच कोष से न्यारा है वह

जैसे कोई क़ीमती वस्तु कोष में छिपाकर रखी जाती है, वैसे ही परमात्मा हमारे भीतर एक नहीं पाँच कोषों के भीतर छिपा हुआ रहता है। सबसे पहले है भौतिक देह या अन्नमय कोष, पाँच तत्वों से बना हुआ हमारा शरीर, जो पृथ्वी तत्त्व या अन्न पर पलता है।इसके बाद आता है प्राणमय कोष, जो वायु पर आधारित है। मनोमय कोष विचारों से बना है यह जल तत्त्व के सार से बना है।जल की तरह मन भी सदा बहता रहता है, यह तरल है। इसके बाद आता है विज्ञान मय कोष, जो अग्नि तत्व से बना है, यह बुद्धि का केंद्र है। पाँचवा है आनंदमय कोष, जिसमें आकाश तत्व की प्रमुखता है। मन या बुद्धि को महसूस होने वाला आनंद इसी कोष से आता है। जब मन में कोई विक्षेप नहीं होता तब यह शांत झील की तरह ठहर जाता है और परमात्मा का प्रतिबिंब इसमें पड़ता है, यही आनंदमय कोष है। एक कामना पूरी होने पर क्षण भर को मन आनंदित होता है, क्योंकि तब मन स्थिर हो जाता है और चेतन परमात्मा की छाया इसमें स्पष्ट नज़र आती है। मन उसे महसूस करता है। ध्यान में जब साधक सचेत होकर मन को ठहराता है तब देर तक वह प्रतिबिंब मन में बना रहता है, इसलिए ध्यान में आनंद का अनुभव होता है। धीरे-धीरे जब ध्यान अधिक देर तक टिकने  लगता है तब मन प्रतिबिंब को नहीं सीधा बिंब को देखता है, और इसे ही परमात्म दर्शन कहते हैं। इसके बाद मन में यदि विचार भी चलते हों, उसके पीछे एक स्थिर केंद्र है, ऐसा अनुभव निरंतर बना रहता है।   


No comments:

Post a Comment