Showing posts with label कली. Show all posts
Showing posts with label कली. Show all posts

Sunday, January 9, 2022

प्रेम का फूल खिले जिस मन में

प्रेम कोई कृत्य नहीं है, यह मन की एक अवस्था है जिसमें कोई द्वंद्व नहीं है, विरोध नहीं है, पूर्णत: स्वीकार भाव है।, मन जब तरंगित तो हो  पर उद्वेलित ना हो, उत्साह से भरा हो पर उत्तेजित ना हो। आतुरता तो हो पर किसी कार्य को अथवा बात को ऐसे ही होना चाहिये, ऐसी अकुलाहट ना हो। मन की इस शांत अवस्था का नाम ही प्रेम में होना है। शांति के उपवन में ही प्रेम का फूल खिलता है और इस पुष्प से आनंद की सुगंध विसर्जित होती है। सुख इस फूल की कली अवस्था का नाम है। ऐसे में मन में न दीनता रहती है न हीनता, अर्थात स्वयं की शक्ति का पूर्ण ज्ञान होता है । कोई विकार भी वहाँ ठहर नहीं पाता। 


Saturday, May 16, 2015

मन सुमन हुआ जब महकेगा


हमारे भीतर परमात्मा पल रहा है, जिसके अंतर में एक बार भी परमात्मा के लिए प्रेम जगा है मानो उसने उसे धारण कर लिया, अब जब तक परमात्मा बाहर प्रकट नहीं हो सकेगा, हम चैन से नहीं बैठ सकेंगे. हमारा दुःख इसलिए नहीं है कि हम उससे दूर हैं वरन इसलिए कि वह भीतर ही है और हम उसे खिलने नहीं दे पा रहे. कली जो फूल बनना चाहती है पर बन नहीं पाती, कितनी पीड़ा झेलती होगी. हम भी जो अहंकार, मान, मोह, लोभ और कामनाओं द्वारा दंश खाते हैं इसलिए कि आनंद, प्रेम, शांति और सुख जो भीतर ही हैं, पर ढक गये हैं, लेकिन एक गर्भिणी स्त्री जिस तरह अपने बच्चे की रक्षा करती है वैसे ही हमें अपने भीतर उस ज्योति की रक्षा करनी है, एक न एक दिन उसे जन्म देना ही है. हमारी चाल-ढाल, रहन-सहन खान-पान ऐसा होना चाहिए मानो एक कोमल निष्पाप शिशु हमारे साथ-साथ जगता-सोता है, हमारी भाषा हमारे विचार ऐसे हों कि उसे चोट न पहुंचे क्योंकि उसका निवास तो मन में है. भीतर जो कभी-कभी असीम शांति का अनुभव होता है वह उसी की कृपा है और वह परमात्मा हमें चुपचाप देखा करता है हमारे एक-एक पल की खबर रखता है. वह स्वयं बाहर आना चाहता है पर हमारी तैयारी ही नहीं है, उसका तेज सह पाने की तैयारी तो होनी ही चाहिए. वह भीतर से आवाज लगाता है, कभी हम सुनते हैं कभी दुनिया के शोरगुल में वह आवाज छुप जाती है.