Showing posts with label हिंदी गद्य. Show all posts
Showing posts with label हिंदी गद्य. Show all posts

Wednesday, May 25, 2011

चैतन्य


मार्च २००० 
“अपने मूल स्वरूप को पहचान कर अंतहीन सुख के साम्राज्य को पा सकने की हममें क्षमता है. संसार बदल रहा है, नश्वर है, लेकिन अपना आप जो चेतन है, नित्य है, अपरिवर्तनशील है, उसी चैतन्य को पाना ही जीवन का ध्येय है”. ये बातें हमें हर जगह सुनने को नहीं मिलतीं लेकिन जीवन को सार्थक ढंग से जीने के लिये, अपने कर्तव्यों का बोध जागृत रखने के लिये, हृदय में सहनशीलता, त्याग व आत्म विसर्जन की उद्दात भावनाओं के स्फुरण के लिये इनको सुनते रहना अति आवश्यक है. ये जहाँ मन को उहापोह से मुक्त रखती हैं, वहीं उसे एकाग्र रखने में भी सहायक हैं.
हमारे पूर्वजों ने जीवन के उद्देश्य, जीने के तरीके और आत्मिक उन्नति के द्वार योग के रूप में खोल दिये हैं. अब यह हम पर निर्भर करता है कि पंक में सने रहें, सांसारिक मोह माया और उलझनों में मानसिक ऊर्जा को व्यर्थ नष्ट कर दें अथवा मुक्त होकर आध्यात्मिक मार्ग पर आगे बढ़ें, संत जन कहते हैं कि ज्ञानीजनों के अनुभव को अपना अनुभव बना लेने पर ही बंधन कट सकते हैं, तब सुख-दुःख, मान-अपमान, यश-अपयश सभी स्वप्नवत प्रतीत होते हैं. कंस की सेविका जब कृष्ण की सेविका हो जायेगी तभी उसका उद्धार होगा.   

Monday, May 23, 2011

स्वाध्याय व तप

मार्च २००० 


स्वाध्याय के कई चरण हैं, केवल पठन ही नहीं मनन भी आवश्यक है, मनन के बाद जीवन में उसको व्यवहार की कसौटी पर कसना होगा फिर उसके द्वारा प्राप्त अनुभूति को जानना, यही ज्ञान है. हम जो भी कार्य करते हैं उसके बाद हुई सूक्ष्म अनुभूतियों को यदि समझा व जाना नहीं तो ज्ञान अधूरा है.


विपरीत वातावरण में रहकर भी मानसिक संतुलन बनाये रखना ही तप है, इस तरह संतुष्ट रहने से आत्मिक बल बढ़ता है, जितनी बाधाएं पार कर हम आगे बढ़ते हैं उन्हें यदि तप मानकर चलेंगे तो बाधाएं सुखकर प्रतीत होंगी, क्योंकि सुख-दुःख तो हमारे ही पूर्व कर्मों के परिणाम हैं. दुःख आये तो कर्म काट जाता है और सुख आये तो अभिमान ही बढ़ाता है, जब हृदय में कुछ चुभा हो और मन कसमसाता हो तो पहले बाहर न देखकर भीतर देखना होगा, क्योंकि मन की भावनाओं को ही मन प्रतिबिम्बित करता है, हृदय की विशालता जहाँ सहजता लाती है वहीं क्षुद्रता अशांति का कारण बनती है. टैगोर ने कहा था कि उनके हृदय की सहजता, सरलता व सहनशीलता ही उन्हें यहाँ तक लायी है.