Thursday, February 28, 2019

फिर से स्वर्ग बने यह धरती


१ मार्च २०१९ 
भारत के उत्तर में स्थित धरती का स्वर्ग कहा जाने वाला काश्मीर अनेक दशकों से भय और आतंक के साये में जी रहा है. जिस काश्मीर के सुंदर शिकारे और बगीचे हमने फिल्मों में देखे हैं, उस काश्मीर में धर्म के नाम पर अलगाव के बीज बोये जा रहे हैं. हजारों सिपाही और आम आदमी इसमें मारे जा चुके हैं. आज पूरी दुनिया इसका कोई न कोई हल चाह रही है. जिस बात को भारत एक लम्बे समय से कहता आ रहा है, आज उसी बात को उसके मित्र देश भी कह रहे हैं. आज किसी से कश्मीर का दर्द छुपा नहीं है. वहाँ बच्चों की पढ़ाई में बाधा पड़ रही है, उनका व्यापार खत्म हो रहा है. आज जरूरत है इस समस्या का हल निकाला जाये. इस समस्या के कितने ही कारण हो सकते हैं, पर सबसे बड़ा कारण है भरोसे की कमी और असली धर्म से अपरिचय. आपसी प्रेम और विश्वास के बिना यह समस्या हल नहीं हो सकती. धर्मान्धता, अहंकार और अविश्वास के कारण ही दो पड़ोसी देश, जो कभी एक थे, भाईचारे और सौहार्द के साथ रह नहीं पा रहे हैं, जिसका खामियाजा निर्दोष नागरिकों को भुगतना पड़ता है. 

Wednesday, February 27, 2019

झुक जाये जो उन चरणों में


२८ फरवरी २०१९ 
संत व शास्त्र हमें बताते हैं अहंकार के पर्दे के पीछे ही छिपा है हमारा शाश्वत स्वरूप, जिसे पहचान कर हम अखंड शांति का अनुभव कर सकते हैं, जो हमें पूर्ण स्वाधीनता का अनुभव कराता है. एक स्वाधीन व्यक्ति सहज ही आनंदित रहता है. हमारी अशांति का कारण क्या है, हम किन-किन बन्धनों को अनुभव करते हैं, और क्या है जो हमें सहज रहने से रोकता है, इन प्रश्नों के उत्तर खोजना अहंकार से मुक्त होने का प्रथम कदम है. कई बार हम स्वाभिमान और अहंकार के भेद को नहीं समझते इसलिए अहंकार को बढ़ाए चले जाते हैं, यह जानते हुए भी कि ऐसा करने से हम अपने लक्ष्य से दूर ही जाते हैं. स्वयं को ऋषियों की परंपरा का वाहक मानना, परमात्मा की सृष्टि का एक अंग मानना और शुद्ध आत्मा मानना स्वाभिमान है, जिसकी रक्षा हमें करनी है. स्वयं को पद, धन, हुनर, जाति, लिंग, पन्थ से जोड़कर एक सामान्य व्यक्ति मानना अहंकार है. यदि हमारा पद बड़ा है, धन ज्यादा है, हम विभिन्न कलाओं को जानते हैं, हम किसी विशिष्ट पन्थ के अनुयायी हैं, तो हम अपने से कम पद वाले, कम धनी व्यक्ति को हीन मानकर स्वयं को विशेष अनुभव करेंगे, यही अहंकार है जो हमें सहजता से दूर रखता है. मानव होने के नाते सभी परमात्मा का अंग हैं, सभी मूलतः शुद्ध आत्माएं हैं, ऐसा भाव भीतर रखते हुए बाहर का व्यवहार चलाना है. ऐसा करने से बाहरी भेद बना ही रहेगा, लेकिन मन सदा एकत्व का अनुभव करेगा और मुक्त रहेगा.

देश के लिए जिए देश के लिए मरे


२७ फरवरी २०१९ 
अन्याय का सामना करना और उसका प्रतिकार करना एक सैनिक का धर्म है. हमारे देश की सेना अपने शौर्य और पराक्रम के लिए सारे विश्व में जानी जाती है. यह सेना संयुक्त राष्ट्र संघ की शांति सेनाओं का अनेक बार अंग रही है और देश में अनेक आपदाओं से नागरिकों की रक्षा करने में इसने अपना योगदान दिया है. आज भारत के इतिहास में एक यादगार दिवस है जब भारतीय वायु सेना ने बड़ी बहादुरी से पड़ोसी देश में स्थित आतंक के ठिकानों को नष्ट किया है. देश आज एक राहत की साँस ले रहा है और यह बात उसे भरोसा देती है कि भविष्य में होने वाली आतंकवादी घटनाओं के स्रोत को ही नष्ट कर दिया गया है. आजादी के बाद से ही कश्मीर को हथियाने के लिए पड़ोसी देश ने कितने युद्ध किये लेकिन एक में भी सफल नहीं हुआ, तब उसने छद्म युद्ध का सहारा लिया और आतंकवादियों के कंधे पर बंदूक रखकर चलाने लगा. आज भी सारे विश्व में अलग-थलग हुआ वह देश आतंकवादियों के खिलाफ कोई ठोस कदम उठाने से इंकार कर रहा है, इसका अर्थ है कि कहने को वे आतंकवादी हैं वास्तव में वे उसकी सेना का एक भाग ही हैं.   

Monday, February 25, 2019

सकल पदारथ हैं जग माहीं


२६ फरवरी २०१९ 
संत कवि तुलसीदास ने कहा है, ‘सकल पदारथ हैं जग माहीं, कर्महीन नर पावत नाहीं’. इसका एक अर्थ यह भी है कि एक कर्मशील व्यक्ति को, जो भी वह चाहे मिल सकता है. हम सभी ने कभी जो चाहा था वह आज हमें मिला है, यदि हम अपनी वर्तमान स्थति से प्रसन्न नहीं है तो इसका अर्थ हुआ हमने ही कुछ ऐसा चाहा था जो उपयुक्त नहीं था. हमें क्या चाहना है यदि इसकी समझ ही नहीं होगी तो भविष्य में भी हम अपनी प्राप्ति से संतुष्ट नहीं हो सकते. हर मनुष्य के भीतर तीन शक्तियाँ प्रतिपल काम करती हैं, जानने की शक्ति, इच्छा करने की शक्ति और कर्म करने की शक्ति. हमारा बुद्धि पक्ष अर्थात जानने की क्षमता यदि सही नहीं है, तो हम गलत इच्छा का चुनाव कर लेते हैं और फिर उसी दिशा में हमारे कर्म भी होने लगते हैं. जानकारी और सूचना को ही हम यदि ज्ञान समझते हैं तो यह भी भूल है. ज्ञान का अर्थ है सही-गलत का विवेक, सत्य-असत्य का विवेक और शाश्वत–नश्वर का विवेक. हमारी दृष्टि यदि शुभ, सत्य और शाश्वत का वरण करती है तो जीवन में आनंद के फूल सहज ही खिलेंगे.

बुद्धियोग में टिक जाये मन


२५ फरवरी २०१९ 
भगवद्गीता में कृष्ण कहते हैं, कर्म करो किन्तु फल की इच्छा मत करो. बुद्धि को समता में स्थित करके कर्म करो. इस पर अर्जुन ने कहा, यदि बुद्धि का महत्व अधिक है तो हम कर्म ही क्यों करें,  कृष्ण ने कहा क्योंकि कर्म किये बिना कोई पल भर भी नहीं रह सकता. स्वभाव के वशीभूत होकर हर व्यक्ति कोई न कोई कर्म करता ही है, यदि वह अपने कर्म का फल भी चाहता है तो कर्म उसके लिए बंधन बन जाता है. फल मिलने से पूर्व उसका मन समता में स्थित नहीं रह पाता और फल यदि सुखद हुआ तो वह अपने भीतर लोभ जगाता है दुखद हुआ तो शोक करता है. लोभ और शोक दोनों ही मन के विकार हैं. इसके विपरीत फल की इच्छा त्याग कर कर्म करने से मन विकारों से मुक्त होता है, भीतर स्थिरता का अनुभव होता है. भक्त सभी कर्मों को भगवान की पूजा मानकर करता है और ज्ञानी कर्ताभाव से मुक्त होकर कर्म करता है. ज्ञानी स्वयं को आत्मा जानकर अकर्ता भाव में स्थित हो जाता है और प्रकृति में कर्म हो रहे हैं ऐसा जानकर सदा समता में रहता है.

Friday, February 22, 2019

जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी

२३ फरवरी २०१८ 
अंतर में प्रेम हो, बुद्धि में ज्ञान हो हाथों में शक्ति हो तो जीवन संवरने लगता है. आज भारत का हर नागरिक एक नये विश्वास के साथ अपने भविष्य को गढ़ रहा है. नर हो या नारी सभी के भीतर देशभक्ति का दैवीय गुण जाग रहा है. उसके ‘मैं’ का विस्तार हो रहा है. वह एक बड़े धरातल पर खड़ा होकर सोचने की ताकत अपने भीतर महसूस कर रहा है. उसकी बात सुनी जा रही है और उसके पास कहने के लिए कुछ है इसकी उसे खबर भी लग रही है. दुनिया जब दिखावे की ओर बढ़ रही है भारत में सेवा और सत्य की राह पर चलने का संदेश पहुंचाया जा रहा है. आतंकवाद यहाँ जड़ें नहीं फैला सकता, यहाँ की मिट्टी में अद्वैत की खुशबू आती है, सेना का हर नौजवान भी यहाँ पहले दुश्मन को चेतावनी देता है, उसके बाद ही गोली चलाता है. हमें अपने पूर्वजों से एक महान संस्कृति का उपहार मिला है और हर भारतीय उसकी रक्षा करने में सक्षम है.  

दृष्टिकोण बदल जाये जब



कर्म किये बिना कोई एक क्षण भी नहीं रह सकता. हमारे कर्म ही हमारा परिचय देते हैं. किसान खेती का कर्म करता है और कवि लिखने का, दोनों ही अपने कर्म को अहंकार को पोषने के लिए भी कर सकते है और पूजा स्वरूप भी. सभी के जीवन में कोई न कोई महत्वपूर्ण वस्तु, व्यक्ति या स्थिति होती है, जिसको वे चाहते हैं. हमारा श्रद्धा पात्र जब सारा अस्तित्त्व बन जाता है तब उपासना घटित होती है. एक शिशु भी जानना चाहता है और एक वृद्ध भी अपने आस-पास के परिवेश के बारे में सजग रहना चाहता है, यदि ज्ञान का बिंदु अपने भीतर केन्द्रित हो जाये तो स्वयं का ज्ञान अपने आप घटित होने लगता है. कर्म, उपासना और ज्ञान स्वयं को जानने के तीन साधन हैं. साधक के कर्म उपासना बन जाते हैं और वही भक्ति एक दिन ज्ञान में बदल जाती है. जब भीतर ज्ञान मात्र रह जाता है, उसी क्षण आत्म अनुभव घटित होता है.